आतंकवाद व भ्रष्टाचार पर भाजपा को लताड़ा, मनमोहन को सराहा : सोनिया (राउंडअप)
दिल्ली के बुराड़ी में पार्टी के तीन दिवसीय 83वें महाधिवेशन को सम्बोधित करते हुए सोनिया ने मौजूदा सभी मुद्दों पर अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि आतंकवाद जैसा भी हो, वह खतरनाक होता है। भ्रष्टाचार को उन्होंने बीमारी बताया और इसके खिलाफ कड़ाई से पेश आने का आह्वान किया। इसके लिए उन्होंने चार सूत्रीय एजेंडस भी पेश किया। संसद में भाजपा के रुख की एक तरफ उन्होंने आलोचना की वहीं दूसरी तरफ कर्नाटक में भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा को गद्दी से न हटाए जाने के लिए उसे लताड़ भी लगाई। कार्यकर्ताओं की पार्टी में हो रही उपेक्षा पर भी उन्होंने ध्यान दिया और कहा कि केंद्रीय मंत्री जब भी अपने क्षेत्रों में जाए वह स्थानीय कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं को जरूर पूरा करें।
बिहार चुनाव की हार के मद्देनजर उन्होंने भविष्य के लिए एक मजबूत इच्छाशक्ति प्रदर्शित करने का आह्वान किया तो। पार्टी की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने आत्मनिरीक्षण करने का भी सुझाव दिया।
आतंकवाद कोई भी हो, खतरनाक :-
सोनिया ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा, "आतंकवाद जैसा भी हो, वह चाहे बहुसंख्यक का हो या फिर अल्पसंख्यक का, खतरनाक होता है। दोनों में कोई अंतर नहीं होता है। कांग्रेस आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों और साम्प्रदायिकता में लिप्त बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक समुदाय के संगठनों में कोई भेदभाव नहीं करती।"
उन्होंने कहा कि देश की पहचान धर्मनिरपेक्षता के प्रति गहरी व मजबूत प्रतिबद्धता वाले राष्ट्र के रूप में है और देश ने सभी प्रकार की साम्प्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष किया है।
उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्षता का मतलब किसी धर्म का अपमान नहीं बल्कि सभी धर्मो का सम्मान होता है।
उन्होंने कहा, "हम अपने इतिहास को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्तिओं, संस्थाओं और विचारधाराओं के हानिकारक प्रभाव को नजरअंदाज नहीं कर सकते। वे धार्मिक पूर्वाग्रह फैलाने और धर्म की आड़ में लोगों को हिंसा के लिए उकसाते हैं।"
भ्रष्टाचार स्वीकार्य नहीं, होगी कड़ी कार्रवाई:-
उन्होंने स्वीकार किया कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि भ्रष्टाचार सभी स्तरों पर बीमारी बन गई है। सोनिया ने कहा, "भ्रष्टाचार के खिलाफ नरमी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। हमने जांच लम्बित होने के बावजूद मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों को पद छोड़ने के लिए कहा है।"
उन्होंने कहा कि पार्टी भ्रष्टाचार को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं करेगी। भ्रष्टाचार पर विपक्षी दलों के रुख की आलोचना करते हुए सोनिया ने कहा कि कांग्रेस ने एक मिसाल कायम की है और केवल आरोप के आधार पर मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के इस्तीफे लिए हैं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ चार सूत्री एजेंडे पर काम करने का सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि राजनीतिज्ञों और नौकरशाहों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों की सुनवाई के लिए एक नया तंत्र विकसित करना चाहिए और इन मामलों को निश्चित समय सीमा में निपटाने का प्रावधान भी इसमें होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक कामों में पूरी तरह पारदर्शिता बरती जानी चाहिए और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
पार्टी के मुख्यमंत्रियों को 'भ्रष्टाचार को जन्म देने वाले' भूमि आवंटन से सम्बद्ध अधिकार की समीक्षा करनी चाहिए और उसे त्याग कर एक मिसाल कायम करनी चाहिए।
कर्नाटक की भाजपा सरकार को निशाना बनाते हुए सोनिया ने कहा, "मैं चाहूंगी कि कांग्रेस के सभी मुख्यमंत्री ऐसे अधिकारों (भूमि आवंटन के विवेकाधीन अधिकार) की समीक्षा करें और उन्हें त्याग कर मिसाल कायम करें।"
संसद में भाजपा के रुख पर प्रहार:-
2जी स्पेक्ट्रम मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति से कराने की मांग पर अड़ी भाजपा द्वारा संसद सत्र न चलने देने के मुद्दे पर सोनिया ने कहा कि मुख्य विपक्षी दल ने राजनीतिक ब्लैकमेल के लिए संसद को 'बंधक' बना लिया।
उन्होंने कहा, "क्या भाजपा संसद को ठप्प करने को न्यायोचित ठहरा सकती है? संसद को राजनीतिक ब्लैकमेल के लिए बंधक नहीं बनाया जा सकता।"
उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा जहां जेपीसी मांग पर अड़ी है वहीं दूसरी तरफ वह येदियुरप्पा को पद से न हटाकर दोहरे मापदंड अपना रही है। कांग्रेस ने जबकि ऐसे ही मामले में अपने मुख्यमंत्री को पद से हटा दिया जबकि उन पर सिर्फ आरोप ही लगे थे।
प्रधानमंत्री के समर्थन में खड़ी है पार्टी:-
सोनिया ने कहा कि राष्ट्र की समृद्धि के प्रति प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 'दृढ़ समर्पण' की वजह से पार्टी उनके साथ 'मजबूती' से खड़ी है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर विपक्ष द्वारा किए जा रहे व्यक्तिगत हमलों को 'निंदनीय' करार दिया।
उन्होंने कहा, "मनमोहन सिंह ने राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि के प्रति दृढ़ समर्पण दर्शाया है। पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है।"
"मैं हमारे प्रधानमंत्री के बारे में कुछ कहना चाहूंगी। वह 'संयम, गरिमा और निष्ठा' की प्रतिमूर्ति हैं। उन पर भाजपा का व्यक्तिगत हमला निंदनीय है। तूफान में भी शांत रहने के उनके विवेकपूर्ण नेतृत्व, राष्ट्र की समृद्धि के प्रति प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 'दृढ़ समर्पण' के लिए मैं उन्हें बधाई देना चाहूंगी।"
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जबरदस्त समर्थन ऐसे मौके पर किया जब 2 जी स्पेक्ट्रम घोटााले और भ्रष्टाचार के अन्य मामलों में उनकी कथित अकर्मण्यता के लिए भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों ने उनकी आलोचना की है।
दिखानी होगी मजबूत इच्छाशक्ति:-
उन्होंने अपने सम्बोधन में पार्टी से अपनी विरासत पर गर्व करने के साथ-साथ आत्मनिरीक्षण करने की बात कही। "आज हम पार्टी की 125वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। पिछले एक दशक में पार्टी ने कई जीत और हार देखी हैं। भविष्य के लिए हमें एक मजबूत इच्छाशक्ति को दिखानी होगी।" उन्होंने कहा कि हमें अपनी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए आत्मनिरीक्षण करना होगा।
कार्यकर्ताओं की भी चिंता:-
सोनिया ने केंद्रीय मंत्रियों को सुझाव दिया कि वे जब भी अपने क्षेत्र में जाए स्थानीय कार्यकर्ताओं से जरूर मिलें और उनकी चिंताओं का समाधान करें। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस विपक्ष की भूमिका में है, उन राज्यों में कार्यकर्ताओं को जनता को जागरूक करने का बीड़ा उठाना चाहिए और उन्हें केंद्रीय योजनाओं के बारे में बताया जाना चाहिए।
पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा किए जाने पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए यह जरूरी है कि वह जमीनी कार्यकर्ताओं की बात ध्यान से सुने क्योंकि वे पार्टी के लिए 'कान' होते हैं और वे जमीनी हकीकत जानते हैं।
उन्होंने कहा, "पार्टी के नेताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे संगठन को गम्भीरता से लें और उनकी राय पर संवेदनशील बने। कार्यकर्ताओं की बात सुनी जानी चाहिए और जरूरी होने पर अवश्य कार्रवाई की जानी चाहिए।" उन्होंने कहा कि हमें नहीं भूलना चाहिए कि पार्टी ही है जो सरकार बनाती है।
उन्होंने कहा कि संगठन में अधिक युवाओं को शामिल किए जाने के लिए पार्टी ने काफी काम किया है।
बिहार में करनी होगी नई शुरुआत:-
हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के संदर्भ में सोनिया ने कहा कि वहां पर पार्टी को जमीनी स्तर पर तैयार करना होगा, इसके अलावा कोई विकल्प नहीं है, हालांकि आगे का रास्ता कठिन है।
सोनिया ने इन मुद्दों के अलावा पार्टी नेताओं को सादगी और मितव्ययता बरतने की भी सलाह दी। पार्टी नेताओं को अपनी ईमानदारी और जवाबदेही के प्रति किसी किस्म के संदेह की गुंजाइश नहीं छोड़ने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा, "सादगी और मितव्ययता का रास्ता अपनाया जाना चाहिए।" उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि पार्टी कार्यकर्ताओं को शादी या जन्मदिवस समारोह मनाना छोड़ देने चाहिए।
उन्होंने कहा, "ऐसे समारोह संयमित रूप से मनाए जा सकते हैं। हमें मिसाल कायम करनी चाहिए। दौलत का अभद्र प्रदर्शन बंद होना चाहिए।"
अपने 40 मिनट के सम्बोधन के दौरान सोनिया ने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और पी. वी. नरसिम्हा राव के योगदानों का भी उल्लेख किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications