नेपाली संसद का विशेष सत्र चंद मिनट में ही स्थगित
काठमांडू, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। विपक्षी माओवादियों द्वारा सत्ताधारी पार्टियों को चुनौती देने के लिए रविवार को बुलाया गया संसद का विशेष सत्र हास्यास्पद तरीके से शुरू हुआ और चंद मिनट में ही स्थगित कर दिया गया।
संसद के अध्यक्ष, सुभाष नेमबांग ने कहा कि माओवादियों ने यह सत्र प्रधानमंत्री पद के लिए जारी निष्फल चुनाव प्रक्रिया को समाप्त करने के लिए बुलाया था। संसद की यह विशेष बैठक गुरुवार को एक बार फिर होगी।
संसद की इस बैठक में माओवादी, प्रधानमंत्री की मौजूदा चुनाव प्रक्रिया को समाप्त करने की मांग करने वाले थे। लेकिन सत्ताधारी पार्टियों ने माओवादियों की मांग खारिज करते हुए उनके प्रस्तावों के खिलाफ वोट देने का निर्णय कर लिया था।
प्रधानमंत्री के राजनीतिक सलाहकार रघुजी पंत ने कहा, "माओवादियों को विशेष सत्र बुलाने की कोई आवश्यकता नहीं थी, क्योंकि प्रधानमंत्री खुद संसद की बैठक बुलाने की तैयारी कर रहे थे।"
पंत ने कहा, "विशेष सत्र अन्य पार्टियों की इच्छाओं के खिलाफ बुलाया गया था।"
विशेष सत्र शुरू होने के पहले माओवादियों ने चुनाव को लेकर किसी सहमति पर पहुंचने के लिए सत्ताधारी कम्युनिस्टों और उनकी सहयोगी पार्टी, नेपाली कांग्रेस के साथ अंतिम क्षण में बातचीत की। लेकिन माओवादियों से कहा गया कि पहले वे विशेष सत्र को समाप्त करने को राजी हों।
उसके बाद संसद अध्यक्ष ने यह कहते हुए बैठक स्थगित कर दी कि माओवादियों के प्रस्ताव पर सदन में तब चर्चा होगी, जब वे अन्य पार्टियों को इसके लिए राजी कर लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications