अफगानिस्तान में आत्मघाती हमला, 5 सैनिकों की मौत (लीड-1)
काबुल, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में रविवार सुबह एक सैन्य वाहन को निशाना बनाकर किए गए दो आत्मघाती हमलों में पांच सैनिकों की मौत हो गई और नौ घायल हो गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "दो आत्मघाती हमलावरों ने पहले सेना के एक वाहन पर गोलीबारी शुरू कर दी और बाद में उनमें से एक ने खुद को विस्फोट से उड़ा दिया। इस हमले में अफगान सेना के पांच जवान मारे गए और नौ घायल हो गए।"
यह हादसा पॉल-ए-चारखी इलाके में सेना के एक प्रशिक्षण केंद्र के निकट हुआ। सुरक्षाबलों ने दूसरे हमलावर को विस्फोट करने का मौका दिए बगैर ही मार गिराया।
उधर, अपने आप को आतंकवादी संगठन तालिबान का सदस्य बताने वाले जबिहुल्लाह मुजाहिद ने विस्फोट की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि इस हमले में कई सैनिक मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications