फिलीपींस में होटल में आग, 15 की मौत की आशंका
मनीला, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तरी फिलीपींस के एक होटल में रविवार तड़के भड़की आग में 15 लोगों के मारे जाने की आशंका है। इस हादसे में 12 लोग घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार यह हादसा कागायान सूबे के तुगुगाराओ शहर में हुआ। सूबे के पुलिस प्रमुख सीनियर सुपरीटेंडेंट माओ अप्लास्का ने बताया कि होटल के भीतर मौजूद 15 लोगों के मारे जाने की आशंका है जबकि 12 अन्य घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
स्थानीय टीवी स्टेशन जीएमए के अनुसार रविवार को होने वाली नर्सिग की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने जा रहे करीब 36 छात्र इस होटल में ठहरे थे।
एक छात्रा की मां आएदा मारियानो ने जीएमए न्यूज को बताया कि उनकी बेटी ने तड़के करीब तीन बजे उन्हें फोन पर बताया था कि वह और उसकी कक्षा के नौ अन्य सहपाठी होटल की जलती हुई पांच मंजिला इमारत में फंसे हुए हैं।
मारियानो ने बताया, "फातिमा ने जब फोन किया था तो वह रो रही थी। उसने बताया कि वह और उसके नौ सहपाठी दरवाजे तक नहीं पहुंच पा रहे। वह बाहर के दरवाजे बंद होने और अग्निशमन यंत्रों के काम न करने की शिकायत कर रही थी।" उसकी कक्षा के निरीक्षक रोमियो ओपिडो ने बताया कि छह छात्रों को अस्पताल ले जाया गया है। जबकि नौ छात्र लापता हैं।
अप्लास्का ने बताया कि आग लगने के फौरन बाद राहतकर्मियों को मौके पर भेज दिया गया और आपदा प्रबंधन समिति को सतर्क कर दिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications