हत्या के प्रयास के आरोप में राजा भैया गिरफ्तार
प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सागर ने आईएएनएस को बताया, "13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद इनकी गिरफ्तारी की गई है। इनमें राजा भैया, समाजवादी पार्टी के सांसद शैलेंद्र कुमार, विधानसभा सदस्य विनोद सरोज और विधान परिषद के सदस्य अक्षय प्रताप सिंह शामिल हैं।"
पुलिस अधिकारी ने कहा, "कुंडा कस्बे से रविवार को 11 लोगों को हिरासत में लिया गया।"
स्थनीय ब्लॉक प्रमुख चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार मनोज शुक्ला ने इन नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक राजा भैया और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उन्हें चुनाव से अपना नाम वापस न लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
शुक्ला ने अपनी शिकायत में कहा, "राजा भैया और उनके गुर्गो ने जान से मारने के लिए मुझ पर गोलियां चलाईं।"
ब्लॉक प्रमुख का चुनाव 22 दिसम्बर को होना प्रस्तावित है।
उधर, इस गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने अपने गृह कस्बे सैफई में पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री मायावती ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव को रोकने के लिए राजा भैया को गिरफ्तार करने का आदेश दिया।
उन्होंने कहा, "चुनाव की तिथि से पहले वह भय का माहौल बनाना चाहती हैं ताकि उनके अधिकारी अपने प्रभाव का गलत इस्तेमाल कर सकें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications