अफगानिस्तान में 7 बांग्लादेशियों का अपहरण
काबुल, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के बल्ख सूबे में अज्ञात बंदूकधारियों ने सात बांग्लादेशी मजदूरों का अपहरण कर लिया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता जमाराय बशारी के हवाले से जानकारी दी कि सात बांग्लादेशी नागरिकों और एक अफगान सुरक्षकर्मी सहित आठ लोगों को शनिवार रात को अगवा कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि अगवा किए गए सभी व्यक्ति दक्षिण कोरिया की एक निर्माण कम्पनी के कर्मचारी थे।
बशारी ने कहा, "हमले में किसी की मौत नहीं हुई लेकिन आठ लोगों को अगवा कर लिया गया।"
उन्होंने बताया कि अब तक किसी भी व्यक्ति या गुट ने इस अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली। उन्होंने बताया कि अगवा किए गए लोगों की तलाश जारी है।
इससे पहले वर्ष 2007 में तालिबानी आतंकवादियों ने 23 दक्षिण कोरियाई नागरिकों पर ईसाई धर्म का प्रचार करने का आरोप लगाते हुए उनको अगवा कर लिया था। आतंकवादियों ने उनमें से दो की हत्या कर दी थी लेकिन दक्षिण कोरिया सरकार द्वारा अफगानिस्तान से अपनी फौज वापस बुलाने को राजी होने के बाद बाकी सभी को मुक्त कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications