विकिलीक्स खुलासा : चीन में सिर्फ पोलित ब्यूरो में लोकतंत्र
जर्मन पत्रिका 'डेर स्पीगल' ने रिपोर्ट प्रकाशित की है कि बीजिंग स्थित अमेरिकी राजनयिक सूत्रों के अनुसार सच्चा लोकतंत्र केवल पोलित ब्यूरो में है। पार्टी के शीर्ष नेताओं का यह एक अज्ञात-सा समूह होता है, जिसमें पुरुषों व महिलाओं को मिलाकर कुल 24 लोग शामिल होते हैं।
चीन के सत्ताधारी कार्यकर्ताओं के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति को यह पता नहीं होता कि चीनी सत्ता के शिखर पर कौन यह तय करता है कि क्या होना है और क्यों होना है। यह कोई नहीं जानता कि कौन क्या सोचता है, कौन किससे सम्बंधित है और किसका वाकई में प्रभाव है। सार्वजनिक बहसें तो कदाचित ही होती हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि लेकिन प्रमुख अधिकारियों से बातचीत करते हुए चीन स्थित अमेरिकी दूतावास के विशेषज्ञों ने चीन के अंदरूनी गलियारे की एक झलक हासिल करने में सफलता दर्ज की है।
अमेरिकी संदेशों में कहा गया है कि राष्ट्रपति हू जिंताओ या प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ की शायद ही किसी निर्णय पर आज्ञा चलती है, चाहे वह कितना भी संवेदनशील मामला क्यों न हो।
इसके बदले कोई निर्णय कम्युनिस्ट पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों द्वारा सामूहिक रूप से लिया जाता है। ताइवान या उत्तर कोरिया के साथ सम्बंध जैसे प्रमुख नीतिगत मुद्दों पर पोलित ब्यूरो के सभी 25 सदस्य शामिल होते हैं। हल्के मुद्दों को नौ सदस्यीय स्थायी समिति द्वारा सुलझा लिया जाता है।
अमेरिकी संदेशों के अनुसार स्थायी समिति वोट के जरिए निर्णय नहीं लेती, इसके बदले मुद्दों को तौला जाता है और किसी सहमति पर पहुंचने से पहले उस पर चर्चा की जाती है।
अमेरिकी राजनयिक ने अंदरूनी गलियारे के एक सूत्र के हवाले से कहा है कि निर्णय लेने की प्रक्रिया में हू जिंताओ के विचार वजन रखते हैं। सूत्र ने कहा है, "यह एक सहमति व्यवस्था है, जिसमें सदस्य वीटो अधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं।"
डेर स्पीगल ने लिखा है कि यह व्यवस्था इस बात को सुनिश्चित कराती है कि कम्युनिस्ट पार्टी का कोई भी पदाधिकारी बहुत अधिक ताकतवर न बनने पाए।
लेकिन सूत्र ने अमेरिकी राजनयिकों को बताया था कि तिब्बत और दलाई लामा के मामले में सहमति का नियम नहीं लागू होता। इन मुद्दों पर चीनी राष्ट्रपति और कम्युनिस्ट पार्टी के प्रमुख हू जिंताओ के पास पूरा अधिकार होता है।
हू जिंताओ के विचार से दलाई लामा देशद्रोही और अलगाववादी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications