आगरा में 20 किलोमीटर लम्बी मानव श्रृंखला बनाई
125 से अधिक नागरिक समूहों, राजनीतिक पार्टियों, सरकारी विभागों और स्वास्थ्य कर्मियों ने ताजमहल के पास स्थित आगरा किले के पीछे एमजी रोड और माल रोड पर कतारबद्ध खड़े होकर मानव श्रृंखला तैयार की।
आगरा के नगरायुक्त विनय शंकर पांडे ने आईएएनएस को बताया, "पॉलीथिन के थैलों और इस्तेमाल की हुई प्लास्टिक की बोतलों से शहर के सभी नाले और सीवर लाइनें जाम हो गई हैं। यदि लोग इन पॉलीथिन थैलों के खतरों के प्रति संवेदनशील हो जाएं तो इससे जीवनस्तर सुधरने में मदद मिलेगी।"
ज्ञात हो कि यमुना में 19 स्थलों पर मिलने वाले आगरा के 65 किलोमीटर नेटवर्क वाले खुले नाले पॉलीथिन थैलों के कारण साल में अधिकांश समय तक जाम रहते हैं।
'वेक अप आगरा' के अध्यक्ष शिशिर भगत ने कहा, "मानव श्रृंखला के माध्यम से शहर के प्रति जो जोश दिखाई दिया है, यदि यह जोश बरकरार रहा तो जल्द ही आगरा दर्शनीय शहर बन जाएगा।"
नगर निगम अब दुकानदारों से इकट्ठा किए गए इस्तेमाल हुए पॉलीथिन थैलों से सड़कें बनाने की योजना बना रहा है।
ज्ञात हो कि आगरा नगर निगम ने पिछले महीने घोषणा की थी कि पहली जनवरी 2011 से शहर में पॉलीथिन थैलों का इस्तेमाल प्रतिबंधित होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications