दिग्विजय का भाजपा व संघ परिवार पर हल्ला बोल
कांग्रेस महाधिवेशन को सम्बोधित करते हुए दिग्विजय ने कहा, "ये लोग अफवाह फैलाने में बहुत ही माहिर हैं। देश की जनता को इनके झांसे में नहीं आना चाहिए। भाजपा व संघ के लोगों से डरने की भी जरूरत नहीं है। ये गीदड़ भभकी देते हैं। डंडा लेकर खड़े हो जाइए तो ये भाग जाएंगे नहीं तो ये लोग आपके सिर पर आ बैठेंगे। इसलिए इनका डटकर मुकाबला कीजिए।"
कुछ आतंकवादी घटनाओं में चरमपंथी हिन्दू संगठनों के लोगों के नाम सामने आने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अजमेर, मालेगांव और मक्का मस्जिद विस्फोट में संघ के लोग शामिल हैं। इनकी गहराई से जांच होनी चाहिए और दोषियों को सजा दी जानी चाहिए।
दिग्विजय ने अपने सम्बोधन के दौरान भाजपा और नक्सलियों के बीच सम्बंध होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि आखिरकार नक्सलियों के गढ़ों में भाजपा ही क्यों जीतती है।
भ्रष्टाचार पर भाजपा पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग पर विपक्षी दलों ने संसद नहीं चलने दी। जबकि इसकी कोई जरूरत ही नहीं हैं। जेपीसी जांच की मांग के पीछे साजिश की बू आती है।
उन्होंने कहा, "संसद नहीं चली तो कांग्रेस सांसदों ने वेतन और भत्ते नहीं लिए। इसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं जबकि भाजपा नेताओं ने 10 मिनट की नारेबाजी के 2000-2000 रुपये लिए।"
दिग्विजय ने कहा, "भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हाय तौबा मचाने वाली भाजपा की कर्नाटक के मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई की हिम्मत नहीं है। हिम्मत है तो कार्रवाई करे भाजपा। खामोश क्यों है वह। उन्होंने बेटे-बेटियों को जमीन की रेवड़ियां बांटीं। रेड्डी ब्रदर्स खुलेआम लूट कर रहे हैं। सुषमा स्वराज को रेड्डी बंधुओं से अपने रिश्ते साफ करने चाहिए।"
उन्होंने कहा कि देश में आज भ्रष्टाचार के इतने मामले क्यों सामने आ रहे हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि कांग्रेस अध्यक्ष ने देश की जनता को सूचना का अधिकार दिया। उसे वह ताकत दी जो इससे पहले विधायकों व सांसदों तक ही सीमित थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications