विकिलीक्स खुलासा : वर्ष 1980 से 85,000 तिब्बती भारत पहुंचे
नई दिल्ली/लंदन, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। विकिलीक्स द्वारा लीक अमेरिकी दूतावास के एक गोपनीय संदेश के मुताबिक भारत में गत 30 वर्षो में 85,000 से अधिक तिब्बती नागरिक पहुंचे जबकि उनमें से 46,000 अपने देश लौट गए।
गत 22 फरवरी 2010 के इस संदेश को समाचार पत्र 'गार्जियन' ने प्रकाशित किया है। समाचार पत्र के अनुसार, "धर्मशाला में प्रत्येक वर्ष औसतन 2,500 से 3,500 तिब्बती शरणार्थी पहुंचते हैं।"
संदेश में कहा गया कि तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के संदेशों को सुनने के बाद ज्यादातर तिब्बत लौट जाते हैं।
ज्ञात हो कि तिब्बत से निष्कासित होने के बाद आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने धर्मशाला में शरण ले रखी है।
अपने सूत्र को उजागर न करते हुए संदेश में कहा गया, "वर्ष 1980 से नवंबर 2009 के बीच 'धर्मशाला रिसेप्शन सेंटर' पर तिब्बत से 87,096 शरणार्थी पहुंचे और इनमें से 46,620 वापस लौट गए। यहां रुकने वालों में ज्यादातर बच्चे हैं जो यहां 'तिब्बतन चिल्ड्रेन विलेज' द्वारा चलाए जाने वाले स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications