'केरल विधानसभा में 'पीकर' आते हैं विधायक'
तिरूवनंतपुरम, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। स्वास्थ्य राज्य मंत्री पी.के. श्रीमथी ने गुरुवार को यहां कहा कि विधानसभा में कई विधायक नशे की हालत में आते हैं। उनके इस बयान पर विपक्षी नेताओं ने अपनी नाराजगी व्यक्त की है।
कन्नूर में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के आनुषंगिक संगठनों द्वारा शुरू किए गए शराब विरोधी अभियान का उद्घाटन करते समय मंत्री ने यह टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में सुबह के समय कई विधायक नशे की हालत में आते हैं। उन्हें संभवत: यह लगता है कि नशे के बिना वे विधानसभा में अपनी बात नहीं रख सकते।
उधर, राज्य के मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन ने कहा कि उनके समक्ष इस तरह की घटना नहीं आई है। विपक्ष के नेता ओमेन चैंडी ने भी मुख्यमंत्री के सुर में सुर मिलाया।
वहीं, थिरूवंचूर से कांग्रेस विधायक राधाकृष्णन ने कहा कि यह श्रीमथी की जिम्मेदारी बनती है कि वह तथ्यों के साथ अपनी टिप्पणी दें। इस मुद्दे को विधानसभा में विशेषाधिकार हनन के रूप में उठाया जाएगा।
उधर, वरिष्ठ विधायक पी.सी. जार्ज ने कहा कि श्रीमथी का बयान अपमानजनक है।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा का सत्र 21 दिसम्बर से शुरू होना है और इस बात की उम्मीद है कि विपक्ष इस मुद्दे को उठाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications