पाक में सीआईए एजेंट की पहचान लीक, आरोप आईएसआई पर

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी और सीआईए प्रमुख लियोन पनेटा.
अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसी सीआईए ने इस्लामाबाद स्थित अपने स्टेशन चीफ़ की पहचान सबके सामने आ जाने के बाद उन्हें वापस बुला लिया है.
उनके नाम को जगज़ाहिर करने का आरोप पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई पर लगा है लेकिन एजेंसी ने इस आरोप का खंडन किया है.
न्यूयॉर्क टाइम्स अख़बार ने अमरीकी अधिकारियों के हवाले से लिखा है कि उन्हें पूरा शक है कि सीआईए के एजेंट की पहचान लीक करने के पीछे पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई का हाथ है.
अख़बार के अनुसार, “अमरीकी अधिकारियों ने कहा कि ये संभवत: न्यूयॉर्क के ब्रूकलिन इलाके में दायर किए गए उस मुकदमे के ख़िलाफ़ बदले की कार्रवाई है जिसमें 26 नवंबर को हुए मुंबई हमले के लिए आईएसआई प्रमुख शुजा पाशा को ज़िम्मेदार ठहराया गया है.”
पाकिस्तान स्थित सीआईए प्रमुख का नाम तब सामने आया जब एक पाकिस्तानी नागरिक ने वहां दायर एक मुकदमे में उनका नाम डाल दिया.
इस व्यक्ति ने ये मुकदमा सीआईए के ख़िलाफ़ दायर किया है क्योंकि उसके अनुसार 2009 में उसके बेटे और भाई की मौत एक अमरीकी मिसाइल हमले में हुई.
उसके वकील का कहना है कि उन्हें सीआईए के अधिकारी का नाम स्थानीय पत्रकारों से पता चला.
अमरीका और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव बढ़ता नज़र आया है.
आईएसआई पर अक्सर ये आरोप लगे हैं कि उन्होंने स्थानीय पत्रकारों का इस्तेमाल किया है.
एपी समाचार एजेंसी के अनुसार एक पाकिस्तानी ख़ुफ़िया अधिकारी ने सभी आरोपो को निराधार बताते हुए कहा कि संभव है कि किसी पाकिस्तानी पत्रकार ने अपने आप ही सीआईए स्टेशन चीफ़ का नाम पता कर लिया हो.
अधिकारी का कहना था, “इस तरह की बेबुनियाद रिपोर्टों से दोनों संगठनों के बीच मनमुटाव पैदा होता है.”
माना जा रहा है कि ये घटना अमरीका और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का परिचायक है.


Click it and Unblock the Notifications