बिहार में बिजली की कोई कमी नहीं रहेगी : सुशील मोदी (लीड-1)
पटना में 'बिहार टाइम्स डॉट कॉम ' द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन शनिवार को उद्घाटन सत्र में उन्होंने कहा कि सरकार ने पुराने ताप विद्युत उत्पादन की पुरानी परियोजनाओं में भी सुधार लाने की कोशिश प्रारंभ कर दी है। इसके अलावा नई ताप विद्युत उत्पादन योजनाओं पर भी सरकार ने काम प्रारंभ कर दिया है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि अगर सब कुछ ठीक ठाक रहा तो राज्य में आने वाले कुछ दिनों में बिजली की कोई कमी नहीं रहेगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में बिहार के सामने चुनौतियां बड़ी हैं।
उल्लेखनीय है कि बिहार टाइम्स डॉट कॉम ने 'बदलते बिहार की चुनौतियां' विषय पर दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया है, जिसमें विभिन्न देशों के 200 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
बिहारटाइम्स डॉट कॉम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार ने आईएएनएस से कहा कि उन्हें इस सम्मेलन में ऐसे कई लोगों के आने की उम्मीद है, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में खुद को साबित किया है। यह सम्मेलन बिहार में बदलाव के बारे में सोचने के लिए सरकार, राजनीति, कारोबार, कला, फिल्म, सामाजिक कार्य, शिक्षा आदि क्षेत्रों के स्थापित लोगों के लिए एक मंच की भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने बताया कि जापानी प्रतिनिधियों ने भी इस सम्मेलन में शिरकत की है।
जापानी प्रतिनिधि टोक्यो कृषि एवं अभियांत्रिकी विश्वविद्यालय के मकोटो काटो ने कहा कि वे बिहार के विकास का हिस्सा बनना चाहते हैं और गया जिले में सर्वे करना चाहते हैं। यहां वे भूमिगत डैम निर्माण, भूमिगत जल संरक्षण और गर्मी के दिनों में किसानों को पानी उपलब्ध कराने की योजना के लिए सर्वे करना चाहते हैं।
सेकी विश्वविद्यालय के एक शोधार्थी कत्सुहिको कुरोसावा ने कहा कि वे सूखे क्षेत्र के विकास के लिए काम करना चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications