पति की पिटाई से घायल विधायक को देखने पहुंचे नीतीश
पटना, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को जनता दल (युनाइटेड) की विधायक बीमा भारती के स्वास्थ्य का हाल जानने पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) पहुंचे। भारती अपने पति की पिटाई से घायल हो गई थीं।
मुख्यमंत्री ने भारती के इलाज में लगे चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के विषय में बात की। उन्होंने चिकित्सकों को इलाज में किसी भी तरह की कोताही न बरतने की हिदायत भी दी।
उल्लेखनीय है कि पूर्णिया जिले के रुपौली विधानसभा क्षेत्र की विधायक बीमा भारती की उनके ही पति अवधेश मंडल ने कथित तौर पर जमकर पिटाई कर दी, जिससे उनकी हालत काफी बिगड़ गई थी।
पुलिस के अनुसार इस मामले की एक प्राथमिकी पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना में दर्ज कराई गई थी तथा मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया था। घायल विधायक को गुरुवार को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों का कहना है कि उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications