सीआईए के स्टेशन चीफ ने पाकिस्तान छोड़ा
इस्लामाबाद, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। अपनी सुरक्षा को मिल रहीं धमकियों को देखते हुए माना जा रहा है कि पाकिस्तान में अमेरिकी खुफिया एजेंसी (सीआईए) के स्टेशन चीफ जोनाथन बैंक्स ने पाकिस्तान छोड़ दिया है।
टेलीविजन चैनल 'समा टीवी' के शनिवार की रिपोर्ट में कहा गया, "पाकिस्तान में बैंक्स एक कानूनी लड़ाई का सामना कर रहे थे और उन्हें आतंकवादियों की ओर से धमकियां भी मिल रही थीं। इसे देखते हुए वाशिंगटन के अधिकारियों ने उन्हें तत्काल देश छोड़ने का आदेश दिया।"
ज्ञात हो कि उत्तरी वजीरिस्तान के निवासी करीम खान ने अमेरिकी ड्रोन हमलों के खिलाफ एक स्थानीय न्यायालय में याचिका दायर की है। उसने आरोप लगाया है कि गत वर्ष एक ड्रोन हमले में उसके पुत्र और भाई की जान चली गई।
याचिका में सीआईए प्रमुख लियोन पनेटा, देश के प्रमुख जोनाथन बैंक्स और अमेरिकी रक्षा सचिव राबर्ट गेट्स को एक पक्ष बनाया गया है। याचिकाकर्ता ने 50 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है।
करीम के वकील ने कहा कि बैंक्स को देश छोड़ कर जाने की अनुमाति नहीं दी जानी चाहिए थी क्योंकि उनके खिलाफ एक मुकदमा लंबित है।
उधर, अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने इस्लामाबाद में कहा, "उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।"
माना जा रहा है कि वाशिंगटन जाने के लिए बैंक्स शुक्रवार को इस्लामाबाद छोड़ चुके हैं, लेकिन उनके जाने की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications