रवांडा में नॉलेज हब बनाएगी भारतीय कम्पनी
भारतीय कम्पनी युनिवर्सल एंपायर इंफ्रास्ट्रक्च र ने रवांडा डेवलपमेंट बोर्ड (आरडीबी) के साथ इस समझौते पर हस्ताक्षर किया है। इसके तहत कम्पनी वहां 25 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी।
इस समझौते के तहत कम्पनी इस पूर्वी अफ्रीकी देश में एक विश्वविद्यालय की स्थापना करेगी, जहां चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रबंधन, कॉमर्स, शिक्षा, कृषि, कला, मानविकी और विज्ञान, आदि क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की व्यवस्था होगी।
नॉलेज हब में सूचना प्रौद्योगिकी, बायोटेक और शोध जैसे क्षेत्रों में रोजगारपरक शिक्षा देने वाले संस्थान भी खोले जाएंगे। इसके अलावा इसमें पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए खेल परिसर, सम्मेलन स्थल, 300 कमरों वाला मेडिकल रिजॉर्ट, वेलनेस सेंटर, प्राकृतिक चिकित्सा, वाटर स्पोर्ट भी खोले जाएंगे।
समझौते के एक अन्य हिस्से के तहत यहां कृषि और पशुपालन के विकास के लिए एक समेकित खाद्य प्रसंस्करण पार्क भी स्थापित किया जाएगा।
1990 के दशक में रवांडा में गृहयुद्ध के कारण लाखों लोगों की जान गई थी। अब वहां की चुनी हुई सरकार इस गरीब देश के तेज विकास के लिए अंतर्राष्ट्रीय समझौते करने पर ध्यान दे रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications