मुख्यमंत्री साइकिल योजना के तहत राशि बढ़ाने का फैसला
राज्य के मानव संसाधन विभाग (शिक्षा) मंत्री पी़ क़े शाही ने शनिवार को आईएएनएस को बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ विभाग के आला अधिकारियों की शुक्रवार को हुई बैठक में नौवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री साइकिल योजना के तहत साइकिल खरीदने के लिए दी जाने वाली 2,000 रुपए की राशि को बढ़ाकर 2,500 रुपये करने का निर्णय लिया गया है तथा नौवीं से 12 वीं तक की छात्राओं को भी वर्दी के लिए दी जाने वाली राशि 700 रुपए से बढाकर 1,000 रुपए करने का निर्णय लिया गया है।
इतना ही नहीं, एक हजार उच्च विद्यालय खोलने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि बैठक में राज्य में आगे होने वाली सभी शिक्षकों की नियुक्ति 'टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट' (टीईटी) के आधार पर होगी।
शाही ने बताया कि राज्यस्तरीय माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री मेधा पुरस्कार के तहत 25 हजार रुपए तथा पहले नौ स्थान पर आने वाले बच्चों को 15 हजार रुपए दिये जायेंगे।
इसके अलावा मध्याह्न् भोजन योजना की निगरानी के लिए बिहार प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी की नियुक्ति की जायेगी तथा सभी प्रमंडलीय मुख्यालयों में गरीब बच्चों के लिए 'बाल भवन' तथा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में 'बहुउद्देश्यीय परीक्षा केन्द्र' बनाये जायेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications