विकिलीक्स खुलासे पर मोदी और ठाकरे ने की राहुल की आलोचना
दोनों नेताओं ने राहुल के उस बयान की कड़ी आलोचना की, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर अमेरिकी राजदूत से यह कहकर हिन्दू संगठनों को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की थी कि चरमपंथी हिंदू संगठनों का अभ्युदय ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
विकिलीक्स के अनुसार नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास द्वारा अमेरिकी प्रशासन को एक संदेश के माध्यम से यह जानकारी दी गई थी कि राहुल ने अमेरिकी राजदूत से कहा था कि ये हिंदू संगठन धार्मिक तनाव और मुस्लिम समुदाय के साथ राजनीतिक टकराव की स्थिति पैदा करते हैं।
मोदी ने शनिवार को यहां पत्रकारों से चर्चा में कहा, "विकिलीक्स के खुलासे से यह पता चल गया है कि कौन अमेरिका को यह सब जानकारी देता है। अब यह भी साफ हो गया है कि क्यों अमेरिका पाकिस्तान का समर्थन कर रहा है।"
बाल ठाकरे ने भी राहुल पर कुछ इसी प्रकार की टिप्पणी की। उन्होंने हिन्दू आतंकवाद पर राहुल द्वारा की गई टिप्पणी पर उन्हें सलाह दी, "वह ज्यादा होशियारी न दिखाएं।"
उन्होंने कहा, "यह राहुल गांधी कौन है।" राहुल का इटली से क्या सम्बंध है, यह किसी को बताने की जरूरत नहीं है।
हिन्दुओं पर हमला करने के लिए उन्होंने राहुल को यह चेतावनी भी दी कि यदि इस प्रकार के हमले बंद नहीं हुए तो जवाबी कार्रवाई की जाएगी, फिर उन्हें रोकना आसान नहीं होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications