असम रेल हादसे में 100 घायल, विद्रोहियों पर संदेह (लीड-1)
गुवाहाटी, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। असम में अरुणाचल प्रदेश जा रही एक रेलगाड़ी के शुक्रवार को पटरी से उतर जाने से हुए हादसे में कम से कम 100 लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर है। रेल पटरी में संदिग्ध विद्रोहियों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने की आशंका है।
रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि असम के रांगिया से अरुणाचल प्रदेश के मुरकोक्सीलंग को जाने वाली मुरकोक्सीलंग एक्सप्रेस गुवाहाटी से 260 किलोमीटर दूर गोहपुर के नजदीक पटरी से उतर गई।
इस हादसे में रेलगाड़ी का इंजन और तीन कोच पटरी से उतर गए। गाड़ी में लगभग 300 यात्री सवार थे।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के प्रवक्ता एस. हाजोंग ने आईएएनएस को बताया, "प्रथम दृष्टया दुर्घटना का करण संदिग्ध तोड़फोड़ प्रतीत होता है। तोड़फोड़ रेल पटरियों के दो जुड़ाव वाले स्थलों पर की गई। 12 मीटर के दायरे में फिश प्लेट भी गायब हैं।"
पुलिस को संदह है कि इस दुर्घटना के पीछे प्रतिबंधित संगठन नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) का हाथ है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "हमें आशंका है कि इस दुर्घटना के पीछे एनडीएफबी का हाथ है।"
घायलों में से अधिकांश के शरीर में कटने का निशान और खरोंच पाए गए हैं, जबकि कुछ के हाथ जख्मी हैं।
हाजोंग ने बताया, "गम्भीर रूप से घायल चार लोगों को इलाज के लिए गुवाहाटी ले जाया गया है, जबकि कई घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद अस्पतालों से छुट्टी मिल गई।"
जिस इलाके में यह दुर्घटना हुई है वह प्रतिबंधित 'नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड' (एनडीएफबी) का गढ़ माना जाता है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह दुर्घटना थी या तोड़फोड़ की गतिविधि का परिणाम थी।
एनडीएफबी को रेलगाड़ियों पर हमले के लिए जाना जाता है। यह संगठन बमों के जरिए या पटरियों पर तोड़फोड़ कर रेलगाड़ियों को निशाना बनाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications