अगवा पाकिस्तानी युवक की दोस्तों ने की हत्या
इस्लामाबाद, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। फिरौती के लिए अगवा किए गए पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी बैंक कर्मी की लाहौर में कथित रूप से पांच लोगों ने हत्या कर दी। आरोपियों में एक अनाड़ी डॉक्टर भी शामिल है, वह व्यक्ति के मस्तिष्क से मिरगी की दवा बनाना चाहता था। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि तैमूर (28) पत्नी के साथ अपने परिवार के साथ कुछ समय बिताने लाहौर आया था। यहां से उसका अपहरण कर लिया गया। तैमूर का शव बरामद हो चुका है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार पांच लोगों में से कुछ उसके दोस्त हैं। इनमें एक अनाड़ी डॉक्टर भी है जो मृत तैमूर के मस्तिष्क से मिरगी की दवा बनाना चाहता था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों में तैमूर के दो दोस्त भी हैं। उन्होंने यह सोच कर उसका अपहरण किया कि अमेरिका से लौटे तैमूर के पास ज्यादा रकम होगी।
तैमूर का अपहरण करने के बाद अपहर्ताओं ने उसके परिवार से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी, लेकिन परिवार के साथ उनकी बातचीत में सौदा पचास लाख में निपटा।
तैमूर के परिवार ने अपहर्ताओं को अग्रिम भुगतान के रूप में दो लाख रुपये दे दिए और उनसे कहा कि वे बाकी रकम की व्यवस्था में हैं।
इस दौरान बंधक बनाए गए तैमूर ने दो अपहर्ताओं को पहचान लिया। पहचाने जाने पर अपहर्ता भयभीत हो गए और उन्होंने उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया, "आरोपियों ने अस्पतालों में मानव अंगों के अवैध कारोबारियों को तैमूर के कई अंगों को बेच दिया। जबकि गिरोह का सरगना उसके मस्तिष्क से मिरगी की दवा बनाना चाहता था।"
'दुनिया टीवी' के मुताबिक आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।
तैमूर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का भतीजा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications