आतंकियों के 43 शिविर बंद करे पाकिस्तान : रूस
नई दिल्ली, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। रूसी राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव की भारत यात्रा से पहले शुक्रवार को रूसी राजदूत अलेक्जेंडर एम. कदाकिन ने पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवाद को कैंसर बताया और इस्लामाबाद से अपील की कि वह अपनी धरती से आतंकियों के 43 प्रशिक्षण शिविरों को हटाए।
कदाकिन ने यहां संवाददाताओं से कहा, "हम चाहते हैं कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक समस्याओं का हल निकाले। हम नहीं चाहते कि इन 43 शिविरों से कोई धमकी मिले, जहां 'कैंसर' का भयानक संक्रमण फैल रहा है। क्योंकि आतंकियों की धमकी लंदन, मास्को और मुम्बई पहुंचती रही है।"
कदाकिन ने जोर देते हुए कहा, "आतंकियों के शिविर निश्चित रूप से बंद किए जाने चाहिए।"
उन्होंने कहा कि भारत और रूस अच्छी तरह जान रहे हैं कि आतंकियों की धमकी कहां से आ रही है।
राजदूत ने हालांकि भारत और पाकिस्तान के बीच बेहतर रिश्ते का समर्थन किया। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि भारत का पाकिस्तान के साथ सम्बंध सुधरे। ऐसा हम ईमानदारी से चाहते हैं।"
उल्लेखनीय है कि रूसी राष्ट्रपति मेदवेदेव दो दिवसीय यात्रा पर सोमवार रात भारत पहुंच रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications