आंध्र प्रदेश में 2 नक्सली ढेर
मुठभेड़ विशाखापत्तनम जिले के जंगली इलाके में हुई जो हैदराबाद से लगभग 600 किलोमीटर दूर है।
पुलिस के मुताबिक इलाके में तलाशी अभियान चला रहे पुलिस दल का चिंतापल्ली मंडल में चेरुवुरू के निकट नक्सलियों के एक गिरोह से सामना हुआ। नक्सलियों को जब आत्मसमर्पण के लिए कहा गया तब उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी।
जवाबी हमले में पुलिस ने दो नक्सलियों को मार गिराया। इन नक्सलियों का सम्बद्ध प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से था। नक्सलियों द्वारा की गई गोलीबारी में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घायलों को लाने के लिए विशाखापत्तनम से एक हेलीकॉप्टर भेजा गया।
मुठभेड़ के बाद घने जंगलों में भागे नक्सलियों की तलाश के लिए पुलिस का अभियान जारी है।
ज्ञात हो कि विशाखापत्तनम, विजयनगरम एवं उड़ीसा की सीमा से लगते श्रीकाकुलम जिले में नक्सली पैर जमाए हुए हैं।
आंध्र प्रदेश के अन्य हिस्से भी नक्सलियों के पुराने गढ़ रहे हैं। पिछले चार वर्षो के दौरान पुलिस द्वारा नक्सलियों के कुख्यात कैडरों को मार गिराए जाने के बाद नक्सली अपने पुराने ठिकानों से चले गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications