ब्लैकबेरी को 91.11 करोड़ डॉलर का लाभ
टोरंटो, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। स्मार्टफोन निर्माता कम्पनी रिसर्च इन मोशन (आरआईएम) ने अनुमानों को पीछे छोड़ते हुए वित्त वर्ष 2011 की तीसरी तिमाही में 5.5 अरब डॉलर के कुल राजस्व के साथ 91.11 करोड़ डॉलर का लाभ अर्जित किया है।
ब्लैकबेरी बनाने वाली कनाडा की इस कम्पनी को लगातार छठी तिमाही में ताबड़तोड़ कमाई हुई है। इस तिमाही में कम्पनी ने रिकार्ड 1.42 करोड़ मोबाइल फोन का निर्यात किया और 51 लाख नए उपभोक्ता (सब्सक्राइबर) बनाए। इसके साथ ही पूरी दुनिया में ब्लैकबेरी के उपभोक्ताओं की संख्या बढ़कर 5.5 करोड़ हो गई।
आरआईएम के सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिम बाल्सिली ने कम्पनी को हुई रिकार्ड आमदनी का श्रेय बड़े पैमाने पर हुए निर्यात को दिया है।
आरआईएम के नए टॉर्च 9800 को अगस्त में लांच करने के बाद शुरू में अधिक सफलता नहीं मिली और यह आईफोन और गूगल के एंड्रॉयड फोन से मिली टक्कर में हारती दिख रही थी। बाद में आक्रामक रणनीति अपनाने के बाद टॉर्च 9800 की बिक्री ने अमेरिका सहित कई अन्य बाजारों में रफ्तार पकड़ ली।
उल्लेखनीय है कि टॉर्च को अब तक 75 देशों में लांच किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications