पाकिस्तान में जियाबाओ का अभूतपूर्व स्वागत
इस्लामाबाद, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ शुक्रवार को नई दिल्ली से इस्लमाबाद पहुंच गए। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने चकलाला हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।
पाकिस्तान पहुंचते ही जियाबाओ को 21 तोपों की सलामी दी गई तथा सशस्त्र बलों की टुकड़ी ने 'गार्ड ऑफ ऑनर' पेश किया। गिलानी ने जियाबाओ का अपनी कैबिनेट के सदस्यों से परिचय करवाया।
पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी ने कहा, "इस तरह का अभूतपूर्व सम्मान पाकिस्तान अपने निकट सहयोगियों को देता है, जिनमें चीन और सऊदी अरब शामिल हैं।"
स्थानीय समाचार चैनल 'दुनिया टीवी' के मुताबिक कसूरी ने कहा, "मुझे याद नहीं है कि इस तरह का प्रॉटोकॉल पिछली बार किस विशिष्ट व्यक्ति या किस राष्ट्राध्यक्ष को दिया गया था।" उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और चीन के संबन्ध हमेशा समय की कसौटी पर खरे उतरे हैं, चाहे शासन किसी का भी रहे।
जियाबाओ शाम को प्रधानमंत्री आवास जाएंगे, जहां दोनों देशों के नेताओं के बीच महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
जियाबाओ शुक्रवार को प्रधानमंत्री गिलानी द्वारा उनके सम्मान में दिए गए रात्रि भोज में शामिल होंगे। इस समारोह में सत्तापक्ष के साथ-साथ विपक्ष के नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है। जियाबाओ शनिवार को पाक-चाइना सेंटर में आयोजित एक समारोह को संबोधित करेंगे।
पूर्व विदेश सचिव शमसाद अहमद खान ने कहा, "इस यात्रा को ज्यादा अपेक्षा करने की आवश्यकता नहीं है।" उन्होंने कहा कि हमने मुसीबत से उबरने के लिए औरों से सहायता मांगने की आदत बना ली है। उन्होंने कहा कि चीन अपना फायदा देख रहा है जबकि वह भारत से भी सम्बंधों में विस्तार कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि जियाबाओ रविवार को स्वदेश लौट जाएंगे। चीन जाने से पहले वह राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात भी करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications