किसानों को राहत की मांग पर चंद्रबाबू का अनिश्चितकालीन उपवास
हैदराबाद, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व विपक्ष के नेता एन. चंद्रबाबू नायडू राज्य सरकार से किसानों के लिए त्वरित राहत की मांग पर शुक्रवार से यहां अनिश्चितकालीन उपवास पर बैठ गए। हाल ही में हुई बेमौसमी बारिश के कारण इन किसानों की फसलें नष्ट हो गई थीं।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख नायडू महात्मा गांधी, बाबा साहेब अम्बेडकर और तेदेपा संस्थापक एन.टी. रामा राव को श्रद्धांजलि देने के बाद यहां न्यू एमएलए क्वार्टर्स में अनिश्चितकालीन उपवास पर बैठ गए हैं।
तेदेपा की कुछ महिला विधायक और वरिष्ठ नेता भी नायडू के साथ उपवास पर बैठे हैं। नायडू 1995 से 2004 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे हैं। वह पहली बार अनिश्चितकालीन उपवास पर बैठे हैं।
नायडू ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि इस साल लगातार प्राकृतिक आपदाओं के चलते नुकसान झेल रहे किसानों को न्याय दिलवाने के मकसद से उन्होंने यह उपवास रखा है।
जिन किसानों की धान की फसल नष्ट हो गई है उनके लिए नायडू ने प्रति एकड़ 10,000 रुपये के मुआवजे की मांग की है। वह वाणिज्यिक फसलों के नुकसान के लिए प्रति एकड़ 15,000 रुपये का मुआवजा चाहते हैं।
उन्होंने कहा, "हमने सरकार को किसानों के कष्टों से अवगत कराने का हर तरह से प्रयास किया और उनके लिए राहत कार्य करने के लिए दबाव भी बनाया पर सरकार के रवैए में कोई परिवर्तन नहीं आया, अब मेरे पास अनिश्चितकालीन उपवास पर बैठने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications