कश्मीर में शीतकालीन स्कूल शुरू, छात्रों की छूटी कंपकंपी
दक्षिण कश्मीरी जिला पुलवामा के कक्षा 10 के एक छात्र ने कहा कि फेरन (एक प्रकार का ऊनी कपड़ा) पहनने के बाद भी वे कक्षा में ठिठुरते रहते हैं।
कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अधिकतर हिस्सों में गुरुवार को न्यूनतम तापमान पांच से छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
कश्मीर में बुधवार से शुरू हुए शीतकालीन शिक्षा सत्र में 272 माध्यमिक और 373 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में नौवीं, 10वीं, 11वीं और 12रवीं कक्षा शुरू की गई है, जबकि बाकी कक्षाओं को बंद रखा गया है।
गौरतलब है कि कश्मीर में पारम्परिक रूप से दिसंबर, जनवरी और फरवरी में अत्यधिक सर्दी के कारण स्कूलों को बंद रखा जाता रहा है। 1885 में आधुनिक शिक्षा पद्धति शुरू होने के बाद पहली बार इस मौसम में स्कूलों को खोला गया है।
यह फैसला चार महीनों तक कश्मीर में जारी हिंसा और प्रदर्शन के कारण स्कूलों को बंद रखे जाने के कारण लिया गया है।
कथित रूप से अधिकारियों ने हर स्कूल को कक्षा में गर्मी बनाए रखने की व्यवस्था करने के लिए 25,000 रुपये जारी किए हैं। उधर, छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूलों में अब तक ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उसका पुत्र कक्षा से जब शाम को घर लौटा तो अत्यधिक ठंड के कारण उसका हाथ और चेहरा लाल हो गया था।
स्कूल के अधिकारियों का कहना है कि एक से दो दिनों में कक्षा को गर्म रखने की व्यवस्था कर ली जाएगी।
स्कूली शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि सभी स्कूलों के प्राचार्यो को गुरुवार तक यह व्यवस्था कर लेने के लिए कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications