पूर्व युवराज पारस को मिली जमानत
काठमांडू, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। नेपाल के पूर्व युवराज पारस बीर बिक्रम शाह पुलिस हिरासत से गुरुवार को जमानत पर रिहा हो गए। पूर्व युवराज पर आरोप है कि गत सप्ताह उन्होंने शराब के नशे में उप प्रधानमंत्री सुजाता कोइराला के दामाद को धमकी दी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
उनकी रिहाई की खबर सुनते ही सैकड़ों की संख्या में राजशाही समर्थक दक्षिणी नेपाल स्थित चितवन जिले के मुख्य जिलाधिकारी के कार्यालय के समक्ष एकत्र हो गए।
समर्थकों ने राजशाही और पूर्व युवराज के समर्थन में नारे लगाए। पूर्व युवराज (39) को 10,000 रुपिया के मुचलके पर जमानत दी गई।
ज्ञात हो कि पूर्व युवराज के खिलाफ अभियोग दर्ज करने के लिए जिले के अधिकारी और पुलिस अधिकारियों पर काफी दबाव पड़ा था। पूर्व युवराज पर आरोप है कि उन्होंने गत शनिवार को कथित रूप से टाइगर टॉप्स वन्यजीव विश्रामस्थल में कोइराला के दामाद रूबेल चौधरी के साथ उपद्रव किया।
चौधरी ने हालांकि, पूर्व युवराज के खिलाफ मामला दर्ज कराने से इंकार कर दिया। इसके पहले बांग्लादेशी नागरिक चौधरी ने दावा किया था कि शराब के नशे में झगड़ा करने के बाद पारस ने उनके ऊपर बंदूक तानी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।
उन्होंने कहा था कि पारस ने हवा में गोली भी चलाई, लेकिन चौधरी द्वारा पूर्व युवराज के खिलाफ शिकायत दर्ज न कराने पर पुलिस ने उन्हें सार्वजनिक स्थल पर उपद्रव करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications