पाकिस्तान में आतंकवाद खत्म करना अमेरिका की प्राथमिकता
वाशिंगटन, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के भीतर मौजूद आतंकवाद का खत्मा करने को अमेरिका की शीर्ष प्राथमिकता करार देते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि इस दिशा में पाकिस्तान पर बनाए गए दबाव में कोई ढील नहीं दी गई।
दक्षिण और मध्य एशिया मामलों के उप विदेश मंत्री राबर्ट ब्लेक ने दक्षिण एशिया के पत्रकारों से टेली कांफ्रेंसिंग मे माध्यम से हुई बातचीत में यह बात कही।
राष्ट्रपति बराक ओबामा के पिछले माह दिए गए बयान, 'दुनिया का कोई भी देश पाकिस्तान से ज्यादा आतंकवाद से पीड़ित नहीं हैं', की याद दिलाते हुए ब्लेक ने कहा कि पाक को हालांकि आतंकवाद को खत्म करने के लिए और कदम उठाने की जरूरत है।
ब्लेक ने कहा, "स्वात और दक्षिणी वजीरिस्तान में प्रगति हुई है लेकिन पाकिस्तान को आतंकवादी नेटवर्क विशेषकर अफगानिस्तान के साथ लगी उसकी सीमा पर मौजूद नेटवर्क को खत्म करने के लिए इन प्रयासों को जारी रखने की जरूरत है।"
ब्लेक ने कहा कि भारत दौरे में ओबामा ने भी कहा था कि पाकिस्तान को स्थायित्व प्रदान में करने में भारत, अमेरिका और सम्बद्ध देशों का फायदा है, क्योंकि एक स्थायी और प्रगतिशील पाकिस्तान भारत के साथ-साथ दुनिया के हित में है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications