संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इराक से प्रतिबंध हटाए
पूर्व तानाशाह सद्दाम हुसैन के शासनकाल की तुलना में इराकी सरकार द्वारा हाल के दिनों में की गई प्रगति को देखते हुए ये प्रतिबंध हटाने की घोषणा की गई है।
परिषद ने वर्ष 1990 में हथियारों और सैन्य साजो समान पर रोक लगाने वाले एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को वापस ले लिया। यह प्रतिबंध इराक को सामूहिक विनाश के हथियार बनाने से रोकने के लिए लगाया गया था।
इस प्रतिबंध को हटाए जाने के बाद इराक अब नागरिक परमाणु कार्यक्रम शुरू कर सकेगा।
इसके अलावा परिषद ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के अधीन मौजूद इराकी कोष पर से प्रतिबंध हटा दिया है। इराक के तेल निर्यात से होने वाली आय से इस कोष का निर्माण किया गया था।
इसके अलावा तथाकथित तेल के बदले आनाज कार्यक्रम पर भी प्रतिबंध हटा लिया गया है। इस कार्यक्रम को 1990 में शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य इराक की जनता को मानवीय सहायता मुहैया कराना था।
अमेरिकी उप राष्ट्रपति जो बिडेन की अध्यक्षता में 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की बैठक में ये फैसले लिए गए। करीब 20 वर्ष पहले स्वीकार किए गए इन तीनों प्रस्तावों को समाप्त करने के लिए परिषद ने अलग से प्रस्ताव स्वीकार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।