बस दुर्घटनाग्रस्त, 27 की मौत

भारत में सड़क दुर्घटनाएँ आम हैं और हर साल हज़ारों लोगों की जान इसमें चली जाती है.
कर्नाटक के मैसूर ज़िले में शादी में शामिल लोगों को ले जा रही एक बस के जलाशय में गिर जाने से 27 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में अधिकतर महिलाएँ हैं.
समाचार एजेंसियों का कहना है कि मरने वालों में 23 महिलाएँ, एक पुरुष और तीन बच्चे शामिल हैं.
पुलिस का कहना है कि ये दुर्घटना मंगलवार को उस समय हुई जब ड्राइवर बस से नियंत्रण खो बैठा.
अधिकारियों का कहना है कि गोताखोरों और नावों की मदद से अब तक 27 शव निकाले जा चुके हैं और बाक़ी लोगों की तलाश का काम जारी है.
ऐसी ख़बरें हैं कि इस बस में 34 लोग सवार थे.
मैसूर ज़िले के प्रभारी और राज्य के मेडिकल शिक्षा मंत्री ए रामदास ने घटनास्थल का दौरा किया और राहत कार्यों की समीक्षा की.
इस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा ने दुख व्यक्त किया है और मरनेवालों को एक लाख और घायलों को 50 हज़ार रुपए के मुआवज़े की घोषणा की है.
भारत में सड़क दुर्घटनाएँ आम हैं और हर साल हज़ारों लोगों की जान इसमें चली जाती है.
विशेषज्ञों का कहना है कि अधिकतर दुर्घटनाएँ लापरवाही से वाहन चलाने, पुराने वाहनों और ख़राब सड़कों की वजह से होती है.


Click it and Unblock the Notifications