भोपाल गैस पीड़ितों को मुआवजा वितरण प्रक्रिया शुरू
मालूम हो कि पहले चरण में लगभग पौने छह लाख पीड़ितों को मुआवजा दिया गया था, मगर जून में हुई मंत्री समूह की बैठक में 48,694 पीड़ितों को मुआवजे के लायक पाया गया। इन पीड़ितों के लिए 750 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस राशि का वितरण 5295 मृतकों के परिजनों, 3199 स्थायी तौर पर अपंग व्यक्तियों, 1703 एवं 1783 गंभीर रोगों से ग्रस्त लोगों, 42 अत्यंत गंभीर और 33,672 अस्थायी तौर पर अपंग व्यक्तियों के बीच किया जाना है।
मंत्री समूह द्वारा तय किए गए निर्देशों के मुताबिक भुगतान की प्रक्रिया दावा अदालतों के माध्यम से पूरी की जानी है। इसके लिए शुरुआत में तीन न्यायाधीशों को जिम्मा सौंपा गया है। आगामी समय में दावा प्रकरणों का तेजी से निराकरण हो सके, इसके लिए अतिरिक्त न्यायाधीशों को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
गैस पीड़ित कल्याण आयुक्त कार्यालय के रजिस्ट्रार भारत भूषण श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि जिन पीड़ितों को मुआवजा दिया जाना है, उन्हें बुधवार से नोटिस भेजना शुरू कर दिया गया है। पहले दिन 200 पीड़ितों को नोटिस भेजे गए हैं। फिलहाल तीन न्यायाधीशों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, लिहाजा एक दिन में इतने लोगों के मामलों का ही निराकरण संभव है।
उन्होंने बताया कि आगामी समय में एक दिन में 500 लोगों के दावों के निबटारे का प्रयास किया जाएगा। दावों की सुनवाई 19 दिसंबर से शुरू होगी।
श्रीवास्तव के मुताबिक मुआवजे के पात्र पीड़ितों के संदर्भ में तमाम जानकारियां फोटो सहित कम्प्यूटर में दर्ज हैं। दावा करने वाले को अपने साथ बैंक की पासबुक एवं तमाम कागजात के साथ पहचान पत्र लाना होगा, जिसका मिलान करने के बाद राशि उनके खाते में भेज दी जाएगी। इस बार चेक से या नकद भुगतान नहीं किया जाएगा।
उधर, मुआवजे के वितरण की प्रक्रिया शुरू होते ही दलाल भी सक्रिय हो गए हैं। दलालों पर अंकुश लगाने के मकसद से दस्तावेजों को कम्प्यूटर में दर्ज किया गया है तथा पीड़ितों के बैंक खाते खुलवाए गए हैं। इसके बावजूद दलालों के सक्रिय होने पर कल्याण आयुक्त कार्यालय ने चिंता प्रकट की है और पीड़ितों से अपील की गई है कि वे दलालों के झांसे में न आएं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications