मैं राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार : पारस
काठमांडू, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। नेपाल के पूर्व युवराज पारस बीर बिक्रम शाह ने एक प्रभुत्वशाली मंत्री के रिश्तेदार पर गोली चलाने की बात से इंकार करते हुए कहा कि वह इस मामले में राजनीतिक प्रतिशोध के शिकार हुए हैं। पूर्व युवराज को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
अपनी गिरफ्तारी से पहले पूर्व युवराज (39) ने साप्ताहिक समाचार पत्र 'घटना रा बिचार' को बताया कि उन्होंने न तो अपनी बंदूक से गोली चलाई और न ही गोली चलाने की बात स्वीकार करने वाला बयान ही जारी किया।
साप्ताहिक पत्र के मुताबिक पूर्व युवराज ने बताया कि गत शनिवार रात वह अपने परिवार के साथ चितवन स्थित टाइगर टॉप्स वन्यजीव विश्रामस्थल में रात्रिभोज कर रहे थे। उसी समय उनके समीप एक अजनबी जोड़े ने 'नेपाल और यहां के लोगों के बारे में भद्दे माजक किए।'
पूर्व युवराज ने कथित रूप से कहा, "मेरे लिए यह बर्दाश्त करना मुश्किल था, लेकिन मैंने अपने ऊपर नियंत्रण रखा और अजनबियों को ऐसा न कहने की हिदायत दी। मैं उन दोनों के बारे में नहीं जानता।"
पूर्व राजकुमार ने यह भी कहा कि वह अपना जीवन सामान्य नागरिक की तरह गुजार रहे हैं, उनके खिलाफ पूर्वाग्रह से प्रेरित होकर कार्रवाई की गई है।
समाचार पत्र के मुताबिक पूर्व युवराज ने फुलबारी से फोन पर उनसे कहा कि समाचार पत्र गोली चलाने और उससे सम्बंधित बयान से खुद को उन्हें अलग कर दे। माना जाता है कि इस बयान में पूर्व युवराज ने हवा में गोली चलाने की बात स्वीकार की थी।
साप्ताहिक पत्र ने पारस के हवाले से कहा है कि उन्होंने हवा में गोली नहीं चलाई और न ही किसी को धमकाया।
उन्होंने कहा, "मैं इस घटना के बारे में पुलिस को बताने जा रहा हूं।"
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को पुलिस ने पूर्व युवराज पारस को चितवन स्थित विश्रामस्थल से गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने पूर्व युवराज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने नेपाल के उप प्रधानमंत्री सुजाता कोइराला के दामाद रूबेल चौधरी के साथ उपद्रव करने के बाद हवा में गोली चलाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications