वादी में पारा लुढ़का, स्कूलों को गर्म रखने के इंतजाम
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया, "लद्दाख क्षेत्र के लेह में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 14 डिग्री नीचे चला गया जबकि करगिल में तापमान शून्य से 10.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री नीचे, पहलगाम हिल स्टेशन में शून्य से छह डिग्री नीचे और गुलमर्ग रिसॉर्ट में शून्य से 3.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।"
अगले 48 घंटों के पूर्वानुमान के मुताबिक घाटी में सूखा और सर्द मौसम रहेगा व रात का तापमान और गिर सकता है।
बढ़ती सर्दी को देखते हुए अधिकारियों ने घाटी के विभिन्न स्कूलों में कक्षाओं को गर्म रखने के लिए इंतजाम शुरू कर दिए हैं। इससे पहले पाठ्यक्रम पूरा करने में छात्रों की मदद के लिए सर्दियों के महीनों में भी स्कूलों को खुला रखने का आदेश दिया गया था।
गौरतलब है कि 11 जून से घाटी में फैली अशांति के चलते करीब पांच महीने तक स्कूल बंद रहे थे।
सरकारी स्कूलों को तो सर्दियों के दौरान गर्म रखने के लिए अतिरिक्त कोष मिल गया है लेकिन निजी स्कूलों को इसके लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। निजी स्कूलों ने स्थानीय समाचार पत्रों में विज्ञापन निकालकर छात्रों के अभिभावकों से कक्षाओं को गर्म रखने के लिए ईंधन खरीदने को वित्तीय मदद देने की अपील की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications