महिलाओं के सम्मान के लिए अभियान
एक अधिकारी ने बताया, "दिल्ली के सूचना विभाग ने इस सम्बंध में योजना तैयार कर ली है। अगले दो या तीन दिनों में इस पर क्रियान्वयन आरंभ हो जाएगा। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निर्देश पर ऐसा हो रहा है।"
इस अभियान के तहत हिन्दी और अंग्रेजी में ऐसे पोस्टर चिपकाए जाएंगे जिसमें यह संदेश रहेगा कि लोग महिलाओं को अपनी माता-बहनों जैसा सम्मान दें। ऐसे पोस्टरों को अखबारों में छपवाने के अलावा डीटीसी बसों में भी चिपकाया जाएगा।
यह अभियान दिल्ली सरकार की 'स्त्री शक्ति योजना' का हिस्सा होगा। महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्य से दिल्ली सरकार यह अभियान चला रही है।
दिल्ली पुलिस ने सभी बीपीओ, औद्योगिक घरानों और मीडिया संस्थानों को रात के समय काम करने वाली महिलाओं को उनके घर तक पहुंचाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
हाल के दिनों में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बढ़ी अपराध की घटनाओं से चिंतित शीला ने सोमवार को शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में दिल्ली पुलिस प्रमुख बी. के. गुप्ता, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह और अन्य गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications