क्यूबा का अपना इनसाइक्लोपीडिया

क्यूबा की इस वेबसाइट पर जानकारियाँ स्पैनिश में हैं
क्यूबा सरकार विकीपीडिया की तरह अपना एक ऑनलाइन इनसाइक्लोपीडिया जारी करने जा रही है जिससे कि वह दुनिया और इतिहास को लेकर अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत कर सके.
स्पैनिश भाषा की यह वेबसाइट अधिकृत रूप से मंगलवार की शाम को लॉन्च होगी.
वैसे यह अभी भी काम कर रही है और ecured.cu पर अभी भी इसमें कोई 20 हज़ार विषयों पर जानकारियाँ उपलब्ध हैं.
इस वेबसाइट के होमपेज पर इक्यूरेड ने अपने सिद्धांत के बारे में कहा है, "इसका उद्देश्य लोकतांत्रिक ढंग से बिना लाभ अर्जित किए, निष्पक्षता और ग़ैर उपनिवेशवादी दृष्टिकोण के साथ ज्ञान का संग्रह और विकास करना है."
वेबसाइट ने कहा है, "इसका उद्देश्य क्यूबा की ओर से दुनिया के साथ मिलकर सभी लोगों के ज्ञान का सृजन और प्रसार सभी लोगों के लिए करना है."
क्यूबा और अमरीका के बीच शीत युद्ध के समय से चला रहा रिश्ता ओबामा प्रशासन के आने के बाद कुछ सुधरा तो है लेकिन कई देशों से व्यापार पर चला आ रहा प्रतिबंध अभी भी जारी है.
इसकी झलक वेबसाइट पर जारी अमरीकी निबंध से मिलती है.
उदाहरण के तौर पर अमरीका के बारे में दी गई जानकारी में उसे 'हमारे समय का साम्राज्य' बताते हुए कहा गया है,"उसने दूसरे देशों की ज़मीन और प्राकृतिक संपदा छीन ली जिससे कि वह अपना व्यवसाय और एकाधिकार क़ायम कर सके."
इस नई वेबसाइट में बताया गया है कि अमरीका हमेशा चाहता रहा है कि वह इस कैरिबियाई द्वीप पर कब्ज़ा जमा ले.
इसमें दिए गए विवरण के अनुसार, "बहुत पहले से अमरीकी नेता क्यूबा को एक ऐसे ख़ूबसूरत फल की तरह देखते रहे हैं जो एक दिन उनके हाथों में आ गिरेगा."
अमरीका के बारे में दिए गए निबंध में कहा गया है, "वह दुनिया में पैदा की जाने वाली बिजली का 25 प्रतिशत खर्च करता है और अपार संपत्ति के बावजूद उसकी एक तिहाई आबादी के पास स्वास्थ्य बीमा नहीं है."
इसमें दी गई सामग्री और उसकी समीक्षा के लिए इसके नियंत्रकों से अनुमति लेनी होगी, हालांकि इसके नियंत्रक और संचालक कौन हैं यह अभी तक स्पष्ट नहीं है.


Click it and Unblock the Notifications