बर्लुस्कोनी सरकार के लिए अहम दिन

बर्लुस्कोनी ने विश्वास जताया है कि वे विश्वासमत जीत जाएँगे
इटली के प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी संसद के दोनों सदनों में अहम विश्वास मत का सामना करने वाले हैं.
माना जा रहा है कि मंगलवार को विश्वास मत पर निचले सदन में होने वाला मतदान बहुत महत्वपूर्व है क्योंकि इसमें सरकार की हार-जीत में सिर्फ़ एक मत का फ़ासला है.
यदि बर्लुस्कोनी हार जाते हैं तो देश में चुनाव करवाने पड़ेंगे.
सोमवार को विश्वास मत पर बहस की शुरुआत करते हुए बर्लुस्कोनी ने संसद के सदस्यों से समर्थन का अनुरोध करते हुए कहा था कि जब दुनिया भर में आर्थिक मंदी का तूफ़ान आया हुआ है तब इटली को एक निरंतरता की ज़रुरत है और ऐसे समय में उन्हें अपदस्थ करना 'पागलपन' होगा.
हालांकि जिन सांसदों ने सत्तारूढ़ गठबंधन से अपना नाता तोड़ लिया है उनका कहना है कि वे ऐसे प्रधानमंत्री को और बर्दाश्त नहीं कर सकते जो व्यक्तिगत घोटालों और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा हुआ हो.
बीबीसी के संवाददाता का कहना है कि यदि बर्लुस्कोनी विश्वासमत जीत जाते हैं तो भी उनके लिए निचले सदन में इतने कम बहुमत के साथ सरकार चलाना बहुत कठिन होगा.
यदि बर्लुस्कोनी हार गए तो चुनाव होंगे
यह माना जा रहा है कि वे उच्च सदन यानी सीनेट में तो विश्वास मत जीत लेंगे लेकिन निचले सदन में स्थिति कठिन है और कहा जा रहा है कि वे एक या दो मतों से पराजित भी हो सकते हैं.
लेकिन सोमवार को उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार विश्वास मत जीत जाएगी और आश्वासन दिया है कि सरकार अपनी टीम का विस्तार करेगी.
महिलाओं के साथ बर्लुस्कोनी के संबंधों के विवाद की वजह से उनका वैवाहिक संबंध तो नहीं बच पाया लेकिन वे अपनी कुर्सी अब तक बचाने में सफल रहे हैं.
पिछले नवंबर में एक 17 वर्षीय नर्तकी रूबी से उनके संबंधों को लेकर बड़ा विवाद हुआ था. लेकिन बर्लुस्कोनी ने इसे ख़ारिज कर दिया था.
बर्लुस्कोनी एक बड़े व्यावसायी हैं और अपने व्यक्तिगत जीवन के विवादों से घिरे रहे हैं. वे अपने विवादास्पद बयानों के लिए भी जाने जाते हैं.


Click it and Unblock the Notifications