आयरन की गोलियां खाने से 110 छात्र बीमार
इकदिल थाना क्षेत्र के हवेलिया प्राथमिक स्कूल में मंगलवार दोपहर लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्यकर्मियों ने स्कूल के छात्रों को आयरन की गोलियां और पेट के कीड़े को मारने वाली दवा खिलाई।
जिला प्रशासन ने छात्रों को खिलाई गई दवाइयों के स्टॉक को सील कर दिया है। साथ ही मध्यान्ह भोजन योजना (मिडडे मील) के तहत दिए जाने वाले खाने के नमूनों को भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आर.बी.मौर्या ने संवाददाताओं को बताया कि ज्यादातर बच्चों को भोजन के पहले दवा खिलाई गई। दवा खाने के बाद कुछ छात्र बेहोश हो गए और कुछ को पेट दर्ज की शिकायत हुई।
मौर्या ने कहा कि सभी छात्रों को भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय, इटावा में भर्ती कराया गया है। बीमार बच्चों में कक्षा एक से लेकर पांच तक के छात्र शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक स्वस्थ्य कर्मचारियों ने छात्रों को खाली पेट दवा खिलाई, जिसके चलते उनकी हालत बिगड़ी। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से जो संकेत मिल रहे हैं, उसके मुताबिक छात्रों को निर्धारित तरीके से दवा नहीं दी गई।
इस बारे में पूछे जाने पर मुख्य चिकित्साधिकारी योगेश कुमार गुप्ता ने आईएएनएस से कहा कि यह जांच का मामला है। जांच पूरी होने से पहले मैं कुछ नहीं कह सकता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications