'वेन के दौरे के दौरान कोई अनौपचारिक बातचीत नहीं'
वेन, भारत का दौरा पूरा करने के बाद दो दिनों के लिए पाकिस्तान दौरे पर जाएंगे।
समाचार पत्र 'चाइना डेली' ने एक अधिकारी के हवाले से मंगलवार को कहा कि जियाबाओ के भारत दौरे के दौरान कई व्यापारिक समझौतों पर हस्ताक्षर होने के आसार हैं, जिससे दोनों उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहज व्यापारिक रिश्ते में मदद मिलेगी।
वाणिज्य मंत्रालय में एशियाई मामलों के विभाग के उप निदेशक, लियांग वेंताओ ने यहां संवाददाताओं को बताया कि चीनी प्रधानमंत्री के साथ 100 से अधिक व्यापारिक नेताओं का एक विशाल प्रतिनिधिमंडल होगा।
सहायक विदेश मंत्री हू झेंगयू ने कहा कि वेन, राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे।
अखबार ने हू के हवाले से कहा, "अनौपचारिक तौर पर किसी मुद्दे पर बातचीत नहीं होगी।"
हू ने कहा कि बीजिंग और नई दिल्ली ने जी-20 और ब्रिक (ब्राजील, रूस, भारत व चीन) जैसे बहुपक्षीय ढांचों में सहयोग किया है।
हू ने कहा कि वेन के दौरे के दौरान सीमा का मुद्दा भी एजेंडे में है। चीन और भारत के बीच 2,000 किलोमीटर लम्बी साझी सीमा है।
भारत स्थित चीनी दूतावास में व्यावसायिक सलाहकार, पेंग गांग ने अखबार को बताया कि दोनों देशों के बीच खासतौर से लौह अयस्क, जैव रसायन उत्पादों व वस्त्रों पर केंद्रित 30 से अधिक समझौतों पर हस्ताक्षर होने की सम्भावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications