दक्षिण कोरिया के सैन्य प्रमुख का इस्तीफा
दक्षिण कोरिया के एक द्वीप पर पिछले महीने उत्तर कोरिया ने हमला कर दिया था जिसके बाद से ही दोनों देशों के बीच सम्बंध काफी तनावपूर्ण हो गया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक 56 वर्षीय हवांग इयू डोन को 'आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ' के पद पर छह महीने के लिए नियुक्त किया गया था, लेकिन उन्होंने समय से पहले सेवानिवृत्ति की अर्जी राष्ट्रपति ली म्यूंग बाक के पास भेज दी। ली ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
सियोल में सम्पति निवेश के एक मामले में कथित तौर पर लाभ लेने के मामले में दक्षिण कोरियाई मीडिया द्वारा हवांग की आलोचना की गई थी।
हवांग ने हालांकि इन आरोपों से इंकार किया है लेकिन रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से कहा गया है, "सम्पत्ति निवेश को लेकर मीडिया में आ रही खबरों के बाद जनरल हवांग ने सेवानिवृत्ति की पेशकश की है क्योंकि उन्होंने यह महसूस किया है कि इस हालत में इस पद पर बने रहना उचित नहीं है।"
उल्लेखनीय है कि हवांग ने अपने पद से इस्तीफा उस समय दिया है जब दक्षिण कोरिया के एक द्वीप पर 23 नवम्बर को उत्तर कोरियाई सेना द्वारा किए गए हमले के बाद सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस हमले में उत्तर कोरिया के चार नागरिकों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications