आतंकवाद से मुकाबले के लिए भारत-अमेरिका ने बढ़ाए कदम
वाशिंगटन, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के अनुसार भारत और अमेरिका, नवम्बर 2008 में हुए मुम्बई हमले के बाद आतंकवाद से निपटने के लिए सहयोग को व्यावहारिक बनाने के लिए कई सारे मुद्दों पर काम कर रहे हैं।
अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री (दक्षिण एशिया), रॉबर्ट ब्लेक ने कहा कि राष्ट्रपति बराक ओबामा के पिछले महीने हुए भारत दौरे के हिस्से के रूप में दोनों देश अपने गृह विभागों के बीच एक नई बातचीत शुरू कर रहे हैं। इस सिलसिले में अमेरिकी गृह मंत्री जेनेट नेपोलिटानो, भारतीय गृह मंत्री पी.चिदम्बरम के साथ वसंत में पहली बार बातचीत करने जा रही हैं।
विदेश विभाग द्वारा सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार ब्लेक ने वाशिंगटन के एक थिंक टैंक 'हेरिटेज फाउंडेशन' में कहा था कि दोनों देश पिछली गर्मी में घोषित हुए आतंक निरोधी सहयोग के वास्तविक क्रियान्वयन के लिए कई सारे मु़द्दों के माध्यम से तत्परता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
ब्लेक ने कहा, "एक बड़े काम की जिम्मेदारी है, जिसे पूरा करने की आवश्यकता है। मैं समझता हूं कि हमारी लगभग सभी एजेंसियां किसी न किसी रूप में इस काम में शामिल हैं।"
ब्लेक ने कहा, "विदेश विभाग में हमारी अपनी आतंक निरोधी बातचीत है। हमारे बीच सूचनाओं और खुफिया जानकारियों का बहुत सक्रिय आदान-प्रदान हो रहा है। यह आदान-प्रदान मुम्बई हमले के पहले से जारी है। मैं समझता हूं कि मुम्बई हमले के बाद आदान-प्रदान में और तेजी आई है।"
ब्लेक ने कहा, "दोनों देशों के बीच नगरपालिका स्तर पर तमाम सारे सहयोग हुए हैं, क्योंकि मुम्बई हमले के बाद बड़े शहरों की नीतियां तैयार करना, दोनों देशों के लिए एक बड़ा काम था।"
ब्लेक ने कहा, "मैं समझता हूं कि भारत यह महसूस करता है कि इस संदर्भ में उसे बहुत कुछ सीखना है, लिहाजा हमारे पुलिस प्रमुखों ने दोनों देशों के कई बड़े शहरों के दौरे किए हैं। इस तरह इस मामले में कई सारे काम किए जा रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications