करुणाकरन की हालत में मामूली सुधार
जाने-माने राजनेता 92 वर्षीय करुणाकरन 10 दिसम्बर से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें सोमवार को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।
एक चिकित्सक ने बताया, "करुणाकरन का बुखार कम हुआ है लेकिन उनकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।"
यहां के निजी अस्पताल में उनका इलाज कर रहे चिकित्सक वेल्लोर के सीएमसी अस्पताल के चिकित्सकों से लगातार सम्पर्क में हैं। करुणाकरन को 2008 में स्वास्थ्य सम्बंधी जटिलताओं के बाद सीएमसी अस्पताल में दाखिल कराया गया था।
उनके बेटे के. मुरलीधरन और बेटी पद्मजा वेणुगोपाल सहित बड़ी संख्या में समर्थक अस्पताल में मौजूद हैं।
इस बीच सभी की नजर यहां होने वाली कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक पर है। इस बैठक में मुरलीधरन को पार्टी में वापस लेने के विषय पर फैसला लिए जाने की सम्भावना है।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने आईएएनएस को बताया, "यदि मुरलीधरन की वापसी को हरी झण्डी मिलती है तो यह बीमार करुणाकरन के लिए लिया गया भावनात्मक फैसला होगा क्योंकि वह लम्बे समय से पार्टी में अपने बेटे की वापसी चाहते थे। आज जिन लोगों के हाथ में पार्टी की पतवार है, उन्हें करुणाकरन ने ही तैयार किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications