उद्योग जगत की घबराहट से वाकिफ हूं : प्रधानमंत्री
नई दिल्ली, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को कहा कि उन्हें फोन टेपिंग मामले को लेकर उद्योग जगत की घबराहट की जानकारी है। इसके साथ ही सिंह ने कैबिनेट सचिव के.एम.चंद्रशेखर से मामले की जांच करने और एक महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा।
मनमोहन सिंह ने यहां आयोजित 'इंडिया कॉरपोरेट वीक' के उद्घाटन सत्र में कहा, "राष्ट्रीय सुरक्षा की हिफाजत और कर चोरी व आर्थिक धांधली रोकने के लिए सरकारी प्राधिकरणों को दिए गए फोन टेपिंग के अधिकार से उद्योग जगत में पैदा हुई घबराहट से मैं वाकिफ हूं।"
प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब रतन टाटा ने कॉरपोरेट लॉबिस्ट नीरा राडिया के साथ फोन पर हुई अपनी बातचीत को लीक होने को लेकर चिंता व्यक्त की है।
सिंह ने कहा, "जहां एक तरफ इन अधिकारों की आवश्यकता है, वहीं लोगों को इन अधिकारों को बहुत ही सावधानी के साथ, निर्धारित नियमों, प्रक्रियाओं के तहत उपयोग करना है, ताकि इन अधिकारों का दुरुपयोग न हो।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "पहले से मौजूद कानूनी तंत्र को अधिक प्रभावी प्रवर्तन के लिए सख्त होना चाहिए। मैं कैबिनेट सचिव से कह रहा हूं कि वह इन मुद्दों की जांच करें और अगले एक महीने के भीतर कैबिनेट को रिपोर्ट सौंपें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications