आत्मघाती हमलावर को स्वीकारने से पाकिस्तान बेनकाब : सेना प्रमुख
सिंह से जब पाकिस्तानी सेना की वेबसाइट पर दर्ज जानकारी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "पाकिस्तानी सेना ने अपनी वेबसाइट पर जो दर्ज कर रखा है, मुझे उसके बारे में कुछ भी नहीं कहना है। लेकिन यदि ऐसा है, तो यह स्पष्ट रूप से उनके इरादों व तरीकों को प्रदर्शित करता है और यह भी कि उनका अगला कदम क्या होगा।"
सिंह ने यह भी कहा कि भारत को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि हमें अधिक सतर्क रहने की जरूरत है और तभी हम अपने नागरिकों और सैनिकों की हिफाजत कर सकते हैं।"
सेना प्रमुख की टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब एक दिन पहले ही पाकिस्तानी सेना की वेबसाइट (डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटपाकिस्तानआर्मीडॉटजीओवीडॉटपीके) ने दावा किया था कि आईएसआई (इंटर-सर्विसिस इंटेलिजेंस) के एक एजेंट ने 16 नवम्बर, 2007 को नई दिल्ली में एक अस्पताल में दम तोड़ दिया था। वह आत्मघाती मिशन पर था।
पोस्टिंग का शीर्षक था "शहादा (शहीदों) का कोना"। इसके पहले पाकिस्तानी सेना की वेबसाइट पर 1999 के कारगिल युद्ध में मारे गए पाकिस्तानियों की सूची जारी की गई थी।
वेबसाइट पर मृत आईएसआई एजेंट का नाम नाइक जुल्फिकार अहमद और सेना में उसका नम्बर 1726016 बताया गया है। वेबसाइट पर कहा गया है कि वह आत्मघाती हमले के मिशन पर था। वेबसाइट ने कहा है कि किडनी फेल होने और श्वसन प्रणाली में गम्भीर संक्रमण के कारण नई दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications