आंध्र विधानसभा से टीआरएस विधायक निलम्बित
विधानसभा उपाध्यक्ष एन. मनोहर ने टीआरएस के नौ विधायकों से बार-बार सदन से बाहर जाने की अपील की लेकिन उनके ऐसा न करने पर उन्हें मार्शलों की मदद से बाहर भेजा गया।
सदन से निलम्बन के बाद टीआरएस विधायकों ने विधानसभा भवन के सामने गन पार्क में तेलंगाना शहीदों के स्मारक के सामने धरना देना शुरू कर दिया। हाथों में तख्तियां पकड़े और नारे लगाते विधायक सरकार से सभी मामले वापस लिए जाने की मांग कर रहे थे।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी यही मांग उठाते हुए सदन से बहिर्गमन किया जबकि प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) ने इसका विरोध दर्ज कराया।
मजलिए-ए-इत्ताहदुल मुसलमीन (एमआईएम) ने भी पृथक तेलंगाना आंदोलन में भाग लेने वाले छात्रों के खिलाफ और हैदराबाद में सांप्रदायिक दंगे के दौरान दर्ज मामले वापस लिए जाने की मांग की।
सरकार ने सोमवार को विधानसभा में घोषणा की थी विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लेने वाले छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी साधारण मामले वापस ले लिए गए हैं।
गौरतलब है कि दिसम्बर 2009 से इस साल के सितम्बर तक पृथक तेलंगाना और संयुक्त आंध्र के लिए हुए प्रदर्शनों में 8,047 लोगों के खिलाफ कुल 1,667 मामले दर्ज किए गए थे।
सरकार ने 2,436 लोगों के खिलाफ दर्ज 562 मामले वापस ले लिए हैं लेकिन अन्य मामलों की गम्भीरता को देखते हुए उनकी पूरी जांच के बाद ही कोई फैसला लिए जाने की बात कही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications