अमिताभ के प्रचार, रोड शो से गुजरात में बढ़ा पर्यटन
गांधीनगर, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। देशभर में हुए रोड शो और एम्बेस्डर अमिताभ बच्चन के प्रचार के फलस्वरूप गुजरात में पर्यटन को बढ़ावा मिला है। कई ढांचागत सुविधाओं की कमियों के बावजूद इस साल गुजरात में अधिक संख्या में पर्यटक पहुंचे।
गुजरातियों को उनकी पर्यटन यात्राओं के लिए जाना जाता है लेकिन खुद यहां के पर्यटन उद्योग का विकास कभी नहीं हुआ लेकिन इस साल अधिकारियों ने अचानक एक बदलाव देखा है। इस साल मई से सितम्बर के बीच पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 13 लाख अधिक पर्यटक आए।
गुजरात के पर्यटन सचिव विपुल मित्रा कहते हैं कि रोड शो, देशभर में जागरूकता अभियान चलाने और अमिताभ बच्चन के 'खुशबू गुजरात की' अभियान में हिस्सा लेने के चलते ऐसा सम्भव हो सका। अमिताभ अप्रैल में विज्ञापन निर्माता पियूष पांडे के गुजरात में पर्यटन को बढ़ावा देने के इस अभियान में शामिल हुए थे। अक्टूबर में टेलीविजन पर इसका प्रसारण शुरू हो गया था।
विज्ञापन के लिए 60 सेकंड की अवधि की तीन लघु फिल्में बनाई गईं। जिनमें कच्छ के अद्भुत सौंदर्य, सोमनाथ मंदिर की पवित्रता और गिर के शेरों को केंद्र में रखा गया है।
अब से पहले गुजरात के लिए ऐसा कोई विज्ञापन नहीं बना था। वर्तमान मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही इसका विचार पेश किया था।
गिर राष्ट्रीय उद्यान के उप संरक्षक संदीप कुमार ने आईएएनएस को बताया, "दीपावली के बाद से यहां हर रोज करीब एक हजार यात्री आ रहे हैं और इनमें विदेशी पर्यटकों की संख्या भी बहुत होती है।"
नवंबर के पहले पखवाड़े में इस राष्ट्रीय उद्यान में 35,000 से ज्यादा पर्यटक पहुंचे और इससे 45 लाख रुपये से ज्यादा का राजस्व मिला।
पर्यटन की बढ़ती सम्भावनाओं को देखते हुए ही कच्छ जिले के डोडरे में आयोजित होने वाले 'रणोत्सव' की अवधि तीन दिन से बढ़ाकर एक महीना कर दी गई है। यह 19 दिसम्बर से शुरू होगा। उत्सव के आयोजन स्थल पर लगाए गए सभी 400 शिविरों की पहले तीन दिन के लिए बुकिंग भी हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications