'नवजीवन आश्रम' कैदियों को देगा नया जीवन
इस खुली जेल में कैदी अपने परिवार के साथ न केवल रह सकेंगे बल्कि रोजगार हासिल कर कुछ कमा भी सकेंगे।
मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले में बनाए गए नवजीवन आश्रम के नाम की इस खुली जेल को 17 एकड़ में बसाया गया है और पहले चरण में यहां 25 कैदी अपने परिवार के साथ रह सकेंगे। इस खुली जेल का सोमवार को उदघाटन हुआ।
इस खुली जेल में पहुंचे 25 कैदी जबलपुर, रीवा, उज्जैन, सतना, सागर और भोपाल के केंद्रीय जेल से हस्तानांतरित होकर आए हैं। अपने परिवार के साथ रहने वाले इन कैदियों को स्थानीय शासन की मदद से रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। यह कोशिश होगी कि रोजगार के जरिए वे 2000 से 6000 तक की मासिक आय अर्जित कर सकें।
तैयार की गई इस खुली जेल कालोनी में पक्के मकान के अलावा प्रारंभिक सुविधाओं में गैस सिलेंडर, चूल्हे व गृहस्थी का सामान उपलब्ध कराया गया है। इतना ही नहीं कृषि भूमि पर बंदियों के परिवार वाले सब्जी आदि का भी उत्पादन कर सकेंगे।
प्रदेश की इस पहली खुली जेल का जेल व परिवहन मंत्री जगदीश देवडा ने लोकार्पण करते हुए उम्मीद जताई कि बंदी आने वाले समय में आत्म अनुशासित जीवन जी सकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications