मप्र में कोयला सत्याग्रह कर भाजपा ने दीं गिरफ्तारियां
सत्याग्रह का नेतृत्व करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि केंद्र में मध्य प्रदेश से चार मंत्री हैं, मगर उन्हें अपने प्रदेश के हितों की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेशवासियों को 24 घंटे बिजली देना चाहते हैं, लेकिन कोयले की आपूर्ति न किए जाने के कारण यह मंशा पूरी नहीं हो पा रही है।
झा का आरोप है कि कोयला, बिजली, राष्ट्रीय राज्यमार्ग निर्माण, इंदिरा कुटीर, बीपीएल के लिए खाद्यान्न आवंटन जैसे सभी मामलों में मध्य प्रदेश के साथ भेदभाव किया जा रहा है और केंद्रीय मंत्री प्रदेश के हितों की रक्षा करने के बजाय कांग्रेस के भेदभावपूर्ण षड्यंत्र में भागीदार बन रहे हैं।
शहडोल कोयलांचल के धरमपुरी क्रमांक तीन पर भाजपा ने सभा करने के बाद कोयला सत्याग्रह किया और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications