चिदम्बरम के बयान से बिहार में सियासी पारा गर्म
जनता दल (युनाइटेड) की बिहार इकाई के अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने गृह मंत्री के इस बयान की तीखी निन्दा करते हुए आईएएनएस को बताया कि गृह मंत्री का यह बयान देश को तोड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि चिदम्बरम अपनी नाकामी छिपाने के लिए दूसरे पर दोष मढ़ रहे हैं। संविधान में ऐसी व्यवस्था है कि देश का कोई भी व्यक्ति कहीं आ जा सकता है और रह सकता है। ऐसे में गृह मंत्री का यह बयान बचकाना है।
राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि गृह मंत्री जैसे जिम्मेवार पद पर बैठे किसी व्यक्ति को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री का बयान बिहार सहित उन तमाम राज्यों के लोगों को दिल्ली से अलग करने की कोशिश है जो दिल्ली में रह रहे हैं, परंतु गृह मंत्री की इस मंशा को हम कभी सफल नहीं होने देंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के लोगों के साथ महाराष्ट्र में भी कांग्रेसियों की शह पर दुर्व्यवहार किया जाता रहा है और अब गृह मंत्री के बयान से ऐसा लगता है कि दिल्ली में ऐसी ही साजिश की तैयारी की जा रही है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी गृह मंत्री के इस बयान पर आपत्ति जताई है। राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दिकी ने कहा कि गृह मंत्री का यह बयान गैर संवैधानिक है। उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण कांग्रेस की सरकार लगा नहीं पा रही है और इसका दोष वह दूसरे पर मढ़ रही है।
उन्होंने चिदम्बरम को सलाह देते हुए कहा कि दूसरे को दोष देने की बजाय चिदम्बरम को सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करनी चाहिए, जिससे राजधानी में कानून और व्यवस्था की स्थिति दुरूस्त हो सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications