तेजाब फेंकने वाले उड्डयन अधिकारी की फिर तैनाती
एक अधिकारी ने सोमवार को कहा कि तिरूवनंतपुरम हवाईअड्डे पर संचालन अधिकारी एस. राजेश्वरन को 2008 में सुरक्षा प्रबंधक एस. एस. बतावे पर उनके घर के निकट तेजाब फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
इस मामले में पुलिस ने तीन अन्य को भी गिरफ्तार किया था।
अधिकारी ने बताया कि राजेश्वरन के मन में बतावे के प्रति इसलिए आक्रोश था, क्योंकि बतावे अस्थाई कर्मचारियों को हवाईअड्डे का पास देने के पक्ष में नहीं थे।
बाद में एयर इंडिया ने उन्हें सेवा से निलंबित कर दिया। इसके बाद उन्होंने जमानत हासिल कर ली। हालांकि वे इस मामले में आरोपित हैं और उनपर विभागीय जांच चल रही है।
आईएएनएस ने जब इस बारे में एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी के. डी. सिवनाथ से बात करनी चाही तो उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि मीडिया को इस मामले में इतनी अभिरुचि है।
उन्होंने कहा कि, "देखिए, उसे सेवा से बर्खास्त नहीं किया गया था, सिर्फ निलंबित किया गया था। उनका निलंबन अब रद्द कर दिया गया है। साथ ही उन्हें अदालत से भी जमानत मिल चुकी है।"
उन्होंने कहा कि "मामला अदालत में है और अपराध को सिद्ध होने दीजिए। उसके पहले कोई कैसे कह सकता है कि कोई अपराधी है या नहीं?"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications