पेशावर में विस्फोट में छात्र सहित 2 की मौत (लीड-2)
पेशावर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लियाकत अली ने कहा, "रिमोट कंट्रोल से जब विस्फोट किया गया, उस समय स्कूल बस निकट से गुजर रही थी।"
मीडिया में आई एक खबर में अली के बयान का हवाला देते हुए कहा गया है, "बस के चालक की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।" अली ने कहा, "घटनास्थल से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।"
यह संकेत देते हुए कि आतंकियों के निशाने पर पुलिस वाहन रहा होगा, उन्होंने कहा, "यह कहना मुश्किल है कि विस्फोट स्कूल बस को निशाना बनाकर किया गया, क्योंकि कुछ ही क्षण पहले एक पुलिस वाहन वहां से गुजरा था। बदकिस्मती से स्कूल बस निशाने पर आ गई।"
यह दर्दनाक हादसा भाना मारी इलाके में हुआ।
बम निरोधक दस्ते के एक अधिकारी ने कहा, "इस विस्फोट में पांच किलो विस्फोट का इस्तेमाल किया गया।"
उन्होंने कहा, "बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जिन घायल बच्चों को अस्पताल ले जाया गया है, उनके स्कूल बैग और लंच बॉक्स बस में ही पड़े हुए हैं।"
खबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक वरिष्ठ मंत्री बशीर बिलौर ने कहा कि "आतंकी अब बच्चों को निशाना बनाने लगे हैं। इससे यह पता चलता है कि वे आततायी हैं।"
उन्होंने कहा, "हम बुलंद आवाज में यह संदेश देना चाहते हैं कि हम तब तक पीछे नहीं हटेंगे, जब तक दुनिया के इस हिस्से से आखिरी आतंकी का खात्मा न हो जाए।"
समाचार पत्र 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के अनुसार जिस स्कूल बस के समीप विस्फोट हुआ, वह सर सैयद इस्लामिया मॉडल स्कूल के छात्रों को लेकर जा रही थी।
विस्फोट के समय अधिकांश बच्चे बस से उतर चुके थे और वे अपने घरों की ओर जा रहे थे।
प्रारंभिक सूचना में बताया गया कि दो बच्चों की मौत हो गई है, जबकि बाद में कहा गया कि बच्चे घायल हैं। घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल में भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने विस्फोट के बाद गोली चलने की आवाज भी सुनी।
उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान की सीमा से लगते पाकिस्तान के उत्तरी-पश्चिमी प्रांत में कानून-व्यवस्था की स्थिति पिछले कुछ वर्षो में बेहद बिगड़ चुकी है। सरकार ने अल कायदा और तालिबान विद्रोहियों के खिलाफ अभियान चला रखा है। यही वजह है कि प्रतिशोध में वहां आतंकी हमले हो रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications